दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, चार घायल

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले की पट्टी कोतवाली इलाके में पट्टी-कोहड़ौर मार्ग पर शुक्रवार शाम दशरथपुर गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत। जबकि एक मासूम समेत चार घायल। मिली जानकारी के अनुसार थाना पट्टी इलाके के बरहूपुर गांव के रहने वाले नागेंद्र पटेल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से मकरा गांव में निमंत्रण से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दशरथपुर गांव के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक बाइक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार दो मासूम बच्चों समेत सभी लोग दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आननफानन में लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी पहुंचाया। जहां क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी बाइक सवार राहुल त्रिपाठी ( 33 वर्ष ) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार नागेंद्र पटेल उनकी पत्नी गायत्री की गंभीर स्थिति देख उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज बच्चों के साथ इलाज के लिए भेज दिया गया। नागेंद्र पटेल का दाहिना पैर टूट गया, जबकि उनकी पत्नी गायत्री देवी की हालत गंभीर होने के साथ ही उनके दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भागकर सीएचसी आ गए। परिजनों का रोकर बुरा हाल था। खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के साथ ही विधिक कार्रवाई जारी थी।






