देश

झारखंड: रामगढ़ में अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, छह की मौत

रांची। बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़-पतरातू फोरलेन मार्ग पर हेहल ग्राम में बुधवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकाें में एक बच्ची भी शामिल है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ की घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छह लोगों की अकाल मृत्यु अत्यंत कष्टदायक है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि घायल तीन लोगों का इलाज जिला प्रशासन की निगरानी में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार हेहल निवासी मो मुस्तकिम अंसारी के घर उनके समधी रोचाप पतरातु निवासी शाबिर अंसारी अपनी पत्नी साजदा खातुन, बेटा सनाउल अंसारी और नाती तारिक जमील के साथ आये थे। वापसी के क्रम में घर के बाहर अपने रिशतेदारों को मुस्तकिम के परिजन विदाई दे रहे थे। उसी दौरान अनियंत्रित 12 चक्का ट्रक ने सड़क के किनारे राजू प्रजापति के होटल की दीवार को तोड़ते हुए सड़क के किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। ट्रक ने दो बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक बाइक पर सवार हेसालोंग निवासी पति-पत्नी को भी ट्रक ने रौंद दिया। ट्रक के चक्के में फंस कर सभी लगभग 70-80 मीटर तक घिसटते चले गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल ले जाते दम तोड़ दिया। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है।

स्थानीय लोगों ने घटना के बाद रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना के बाद पतरातु एसडीपीओ डॉ वीरेंद्र चौधरी, पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर रोहित कुमार, बरकाकाना ओपी प्रभारी मंटू चौधरी, एसआई मो सफिउल्लाह, एएसआई दुर्जय सिंह, परवेज अहमद आदि घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

मृतकों का नाम

इस हादसे में हेहल निवासी अलिमुन निशा, एक वर्षीय तारिक जमील, रोचाप पतरातु निवासी साजदा खातून, सनाउल अंसारी और ऐसा लॉन्ग निवासी प्रियंका देवी और उसकी तीन साल की बच्ची दुर्गा कुमारी की मौत हो गयी।

घायलों के नाम

दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गये हैं। इसमें इसरायल अंसारी, शाबिर अंसारी और आदित्य कुमार शामिल हैं। आदित्य कुमार और प्रियंका देवी दोनों पति-पत्नी हैं और वे घुटुवा मेला देखने जा रहे थे। मृतका प्रियंका देवी के अलावा अन्य मृतक एक ही घर के हैं।

पुलिस के अनुसार लोगों को रौंद कर भाग रहे ट्रक को बरकाकाना पर पकड़ लिया गया है। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के घुटुवा में विजयादशमी के मौके पर जिले का सबसे बड़ा मेला लगता है। इस मेला को देखते हुए ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगायी गयी थी। इसके बावजूद कोयला लदा 12 चक्का ट्रक कैसे सड़क पर आयाए यह जांच का विषय है। इस बार दुर्गापूजा में पूरे जिले में ट्रैफिक की व्यवस्था काफी लचर रही। लोगों में इस बात को लेकर भी काफी आक्रोश है।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button