देश
क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गहलोत के विकल्प होंगे कमलनाथ!
राजस्थान में राजनीतिक हलचल के बीच अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और गांधी परिवार के बेहद विश्वासपात्र माने जाने वाले कमलनाथ की इसमें एंट्री हो गई है। बताया जा रहा है कि कमलनाथ को राजस्थान भेजा जा सकता है और वह अशोक गहलोत गुट और सचिन पायलट गुट के विधायकों के बीच में मध्यस्थता करा सकते हैं। इन सबके बीच दूसरी खबर भी निकल कर सामने आ रही है। दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि राजस्थान में जिस तरीके का राजनीतिक संकट पार्टी के समक्ष खड़ा हुआ है, वह कहीं ना कहीं अशोक गहलोत के ही इशारे पर हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे अनुशासनहीनता मान रहे हैं। इतना ही नहीं, कई नेताओं ने तो सोनिया गांधी से यह भी कह दिया है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत पर दांव लगाना अब ठीक नहीं है और उनकी उम्मीदवारी पर फिर से पुनर्विचार करना चाहिए।






