जौनपुर के युवक की खंडवा में ट्रेन से गिरकर मौत, परिवार में कोहराम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कौरहा गांव निवासी 30 वर्षीय राजेश गौतम की मध्यप्रदेश के खंडवा में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन शव लेने के लिए तत्काल रवाना हो गए।
राजेश करीब एक सप्ताह पहले बिना बताए मुंबई अपनी बड़ी बहन के घर गया था। तीन दिन पहले उसने फोन कर परिजनों को अपने मुंबई पहुंचने की जानकारी दी थी। हालांकि, वह वहां से भी बिना बताए घर लौटने के लिए ट्रेन पर सवार हो गया। खंडवा के पास सफर के दौरान गिरकर उसकी मौत हो गई। परिजनों को हादसे की सूचना देर से मिली।
परिवार के अनुसार, राजेश पांच बहनों में इकलौता भाई था और गांव में पेंटिंग व मजदूरी का काम करता था। पिता भी मजदूरी करते हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी से संबंध नहीं थे।
शुरुआती सूचना कटनी की बताई गई थी, परिजनों के वहां पहुंचने पर पता चला कि हादसा खंडवा में हुआ है। इसके बाद पिता, चाचा और चचेरे भाई शनिवार रात रत्नागिरी सुपरफास्ट ट्रेन से खंडवा रवाना हुए। वे रविवार दोपहर खंडवा पहुंचकर अंतिम संस्कार करेंगे।
ग्राम प्रधान पप्पू यादव ने बताया कि कोतवाली से जानकारी मिलने पर परिवार से संपर्क किया गया और आर्थिक स्थिति को देखते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।






