उत्तराखंड

धन्यवाद रैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे कार्यक्रम स्थल, उमड़ा जनसैलाब

जन एक्सप्रेस/लिब्बरहेड़ी (उत्तराखंड) : उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर भाग लिया। चौधरी ओमपाल ढाबा, लिब्बरहेड़ी से स्वीटी फार्म तक आयोजित रैली में अपार जनसमूह उमड़ पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार किया है। उन्होंने इसे न केवल अपना सम्मान बल्कि पूरे उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता का सम्मान बताया। सीएम ने भीषण गर्मी में रैली में भाग लेने आए महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए शिखरों को छू रहा है। किसानों के लिए केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, और किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया जाना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि किसानों के हित में 14 हजार करोड़ रुपये की लागत से सात नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 80% सब्सिडी दी जा रही है। गेहूं पर 20 रुपये प्रति कुंतल बोनस और गन्ने के रेट में भी 20 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है। साथ ही सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट को लेकर नई नीतियां लागू की जा रही हैं।

भ्रष्टाचार पर सख्ती का ऐलान

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हरिद्वार ज़मीन घोटाले में दोषी आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

विकास की घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणा की। ग्राम सभा लिब्बरहेड़ी में महाराजा सूरजमल के नाम पर खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सर्की रजवाहे की पटरी, जो मंगलौर से हरचंदपुर पुल तक जाती है, को पक्की सड़क में तब्दील किया जाएगा।

उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी

रैली में विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी एवं उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं।

जनसैलाब और उत्साह के साथ संपन्न यह रैली उत्तराखंड के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण संदेश छोड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button