राम तपस्थली घाट पर गंगा में डूबीं मां-बेटी, मध्यप्रदेश से राम कथा सुनने आई थीं, तलाश जारी
सुबह स्नान के दौरान हादसा, गंगा की तेज धारा में बहीं मनू उपाध्याय और 18 वर्षीय बेटी गौरी, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

जन एक्सप्रेस देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ब्रह्मपुरी राम तपस्थली घाट पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मध्यप्रदेश से राम कथा सुनने आई मां-बेटी गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। हादसे के बाद SDRF और जल पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के कैलाश रस मोरियाना से मनू उपाध्याय पत्नी मनीष उपाध्याय और उनकी 18 वर्षीय बेटी गौरी राम तपस्या आश्रम में चल रही राम कथा में शामिल होने के लिए ऋषिकेश आई थीं। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वे ब्रह्मपुरी स्थित आश्रम के घाट पर स्नान करने गईं, जहां गंगा की तेज धाराओं में दोनों बह गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बहाव तेज होने के कारण टीम को हरिद्वार जल पुलिस, बैराज स्टाफ और अन्य एजेंसियों को भी अलर्ट करना पड़ा है।
SDRF कर रही लगातार सर्च ऑपरेशन
SDRF की टीम ने गंगा किनारे कई किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। घाटों पर मौजूद लोगों को भी सतर्क रहने और गंगा में न उतरने की अपील की गई है। इसी दिन एक अन्य घटना में भिलंगना नदी में भी एक युवक बह गया। वहां भी SDRF की टीम तलाशी अभियान में जुटी है, लेकिन उसका भी कोई सुराग नहीं मिला है।






