utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

नई टिहरी में मुख्यमंत्री स्वच्छता एवं शिक्षा सामग्री योजना के तहत निर्माण श्रमिकों को वितरित की गई सामग्री

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा श्रम विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना एवं मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के अंतर्गत चंबा विकासखंड के बादशाही थौल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला अध्यक्ष उदय रावत ने लाभार्थियों को स्वच्छता सामग्री किट और शिक्षा सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उदय रावत ने कहा कि निर्माण श्रमिक समाज के मेहनतकश वर्ग की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों की शिक्षा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं श्रम विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं, जिससे विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी में तेजी आई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भेषज सहकारी संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र पुनेठा ने बताया कि 23 जुलाई को देहरादून में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशव्यापी मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री एवं शिक्षा सामग्री वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद अब यह अभियान सभी जनपदों, विकासखंडों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पंजीकृत निर्माण श्रमिक और उनके परिवार इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने राज्य सरकार और श्रम विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता सामग्री किट और बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई शिक्षा सामग्री उनके परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों को राहत देने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button