144 क्रय केन्द्रों के माध्यम से होगी धान खरीद
धान खरीद कार्य संचालन के लिए डीएम की अध्यक्षता में आयोजित की गई कार्यशाला

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 अन्तर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत एक नवम्बर 2023 से प्रारम्भ धान खरीद कार्य को सफलतापूर्वक क्रियान्वित कराये जाने के उद्देश्य से वृहस्पतिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कहा कि पूरे जिले में छ: एजेंसियों के 144 क्रय केंद्र के माध्यम से धान की खरीद कराई जा रही है। सभी क्रय एजेन्सियों के जनपद प्रभारियों को निर्देश दिया कि एजेन्सी अन्तर्गत संचालित होने वाले क्रय केन्द्रों पर तत्काल शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबन्द कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों के निरीक्षण/सत्यापन में यदि किसी प्रकार की कमी पायी जाती है तो उसके लिए एजेन्सी प्रभारियों को जिम्मेदार मानते हुए कड़ी कार्यवाही की जायेगी। डीएम ने कहा कि जिला प्रभारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि वे शासन की मंशानुरूप जनपद में पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीद कार्य सम्पादित करायें।
जिलाधिकारी ने सचेत किया कि किसी भी क्रय केन्द्र पर घटतौली, बोरो व पैसों की अनुपलब्धता अथवा व्यवस्थाओं की कमी के कारण धान खरीद प्रभावित होने अथवा किसानों के किसी प्रकार के शोषण की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों कर्मचारियों के विरूद्ध अनिवार्य रूप से दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने धान क्रय केन्द्र परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई के साथ-साथ किसानों और उनके मवेशियों के लिए छाव, पेयजल, बैठने, बैनर, रेट लिस्ट, प्रमुख दूरभाष नम्बर सहित शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों को पूर्ण कराते हुए व्यवस्था कराये जाने का निर्देश दिया।






