देश

गंगा दशहरा पर मचकुंड सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

धौलपुर । पतित पावनी मां गंगा के धरती पर अवतरण का पर्व गंगा दशहरा धौलपुर जिले में मंगलवार को श्रद्वा और उल्लास से मनाया गया। गंगा दशहरा के मौके पर श्रद्वालुओं ने तीर्थराज मचकुंड सरोवर के साथ ही चंबल नदी समेत अन्य नदी तथा सरोवरों में पर्व स्नान किया। इसके बाद में अन्न, फल एवं वस्त्रादि का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। देर शाम तक मंदिरों में पूजा अर्चना तथा दान पुण्य का क्रम चलता रहा।

गंगा दशहरा के मौके पर बडी संख्या में श्रद्वालु मंगलवार तडके तीर्थराज मचकुंड पंहुचे तथा सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। पर्व स्नान के बाद में श्रद्वालुओं ने मचकुंड महाराज, प्राचीन लाडली जगमोहन मंदिर, भगवान जगन्नाथ मंदिर, रानी गुरू मंदिर, प्राचीन भूतेश्वर महादेव समेत अन्य मंदिरों पर पूजा अर्चना की। आज श्रद्वालुओं ने मचकुंड सरोवर क्षेत्र में संत एवं महात्माओं को भोजन भी कराया। श्रद्वालुओं की बडी संख्या को देखते हुए आज मचकुंड सरोवर क्षेत्र में मेले का माहौल रहा। श्रद्वालुओं ने मेले में लगाईं दुकानों पर भोग प्रसाद एवं रोजमर्रा के सामान की खरीदारी भी की। गंगा दशहरा पर्व को देखते हुए मचकुंड सरोवर क्षेत्र में पुलिस द्वारा सुरक्षा के माकूल इंतजाम भी किए गए। गंगा दशहरा पर्व के मौके पर धौलपुर शहर के प्राचीन चोपडा महादेव मंदिर,मार्कण्येश्वण्महादेव मंदिर, निहालेश्वर,महामाया मंदिर, पुरानी छावनी के राम जानकी मंदिर, बसेडी के भूतेश्वर महादेव मंदिर एवं सरमथुरा के महाकाल मंदिरों पर भी विशेष कार्यक्रम संपन्न हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button