सुशासन सप्ताह में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने वनवासी परिवारों को बांटे कंबल
रामपुर ब्लॉक में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल, डीएम ने लोगों से किया सीधा संवाद

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से विकास खंड रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंन्द्र ने वनवासी परिवारों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक प्रमुख रामपुर राहुल सिंह के सौजन्य से विकास खंड परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में वनवासी परिवार मौजूद रहे।
कंबल वितरण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा हर वर्ष आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से गरीब और असहाय लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए जाते हैं। यदि इसमें समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और सक्षम लोग सहयोग करते हैं, तो और अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक प्रमुख की सराहना करते हुए कहा कि विगत कई वर्षों से गरीब और वंचित वर्ग के लिए कंबल वितरण का यह सराहनीय कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने समाजसेवियों और सक्षम लोगों से अपील की कि वे आगे आकर इस पुण्य कार्य में सहयोग करें, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी गरीब असहाय ठंड से पीड़ित न हो।
इस दौरान जिलाधिकारी ने वनवासी लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, सुशासन सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, ग्राम विकास विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं, खंड विकास अधिकारी अभिनव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






