उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मिशन शक्ति अभियान के तहत जिलेभर में नारी सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गांवों, बाजारों, स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी।

अभियान में विशेष रूप से महिला बीट आरक्षियों द्वारा महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की दी गई जानकारी
पुलिस टीमों ने महिलाओं को आपातकालीन सहायता हेतु 112 (पुलिस सहायता), 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

कानूनी अधिकारों पर किया गया जागरूक
महिलाओं को घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, साइबर अपराध, छेड़खानी एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसे गंभीर विषयों पर लागू कानूनों की जानकारी दी गई, साथ ही कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

शिकायत करने में न डरें महिलाएं
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी या अपराध की स्थिति में बिना भय के शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

स्वावलंबन और योजनाओं की जानकारी
महिला पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस प्रशासन का संदेश
जनपद पुलिस का उद्देश्य जिले में ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, जहाँ प्रत्येक महिला स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। ‘शक्ति दीदी’ के माध्यम से पुलिस सीधे आमजन से जुड़कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है।

जौनपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button