हल्द्वानी: खाटूश्याम के लिए रोडवेज को नहीं मिल रहे यात्री

हल्द्वानी : अयोध्या के बाद अब खाटूश्याम के लिए रोडवेज को यात्री नहीं मिल रहे है। यात्रियों की संख्या कम होने से अयोध्या के बाद खाटू श्याम के लिए शुरू की गई बस सेवा भी बंदी की कगार पर पहुंच गई है। पिछले एक सप्ताह सवारियों की कमी से इसका संचालन ठप पड़ा है वहीं कुरुक्षेत्र व मथुरा के लिए जाने वाली बसें भी कम यात्रियों के साथ रवाना हो रही हैं।
हल्द्वानी रोडवेज की ओर से धार्मिक यात्रा पर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए हल्द्वानी डिपो से बसों का संचालन करता है। इनके माध्यम से सस्ते किराए पर लोगों की यात्रा पूरी होती है। जबकि पिछले एक माह से बसों में सवारियों का संकट बना हुआ है। अयोध्या के लिए भेजी जाने वाली निगम की 3 बसें यात्री नहीं मिलने पर एक माह से बंद है।
वहीं फरवरी में खाटू श्याम के लिए प्रारंभ की गई बस का संचालन भी सवारियां नहीं मिलने से संकट में आ गया है। यात्री नहीं होने से पिछले एक सप्ताह से इसे निर्धारित मार्ग पर नहीं भेजा जा सका है। जल्द ही यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ने पर इसके भी बंद होने की आशंका बनी हुई है।






