उत्तराखंड

उत्तराखंड में कृषि को बढ़ावा: मखाना और सिंघाड़ा उत्पादन पर विशेष जोर

जन एक्सप्रेस/देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य में कृषि और सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाउस ऑफ हिमालया के उत्पादों की ब्रांडिंग और उत्पादन क्षमता को बढ़ाने को लेकर अधिकारियों संग अहम बैठक की।

मखाना और सिंघाड़ा की खेती को मिलेगा बढ़ावा
बैठक के दौरान मंत्री ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर में अमृत सरोवर योजना के तहत मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने और सिंघाड़ा उत्पादन को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी बजट में इन फसलों के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

हार्टी टूरिज्म और फ्लोरीकल्चर पर रहेगा फोकस
मंत्री जोशी ने राज्य में हार्टी टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 93 बागानों में फूलों की खेती को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय किसानों और उद्यमियों को नई संभावनाएं मिलेंगी।

हाउस ऑफ हिमालया को मिलेगी नई पहचान
हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड की वैश्विक पहचान को और सशक्त करने के लिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इसके स्टोर स्थापित किए जाएंगे। मंत्री ने संबंधित विभागों को इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया।

मिलेट्स उत्पादन में उत्तराखंड अग्रणी
उत्तराखंड के मंडुआ और झंगोरा की गुणवत्ता को मिलेट्स रिसर्च इंस्टिट्यूट, हैदराबाद ने देश में सर्वश्रेष्ठ आंका है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार बंजर जमीनों की गुणवत्ता जांच कर इन फसलों के उत्पादन को और बढ़ाने की दिशा में प्रयास करेगी। बैठक में ग्राम्य विकास सचिव राधिका झा, महानिदेशक कृषि रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव सहकारिता सोनिका, आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button