अमेठीउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

अमेठी में महाकुंभ का पवित्र जल पहुंचा, श्रद्धालुओं में हर्ष, अग्निशमन विभाग ने किया गंगाजल का वितरण

जन एक्सप्रेस/अमेठी: प्रयागराज महाकुंभ का पवित्र गंगाजल अब अमेठी के श्रद्धालुओं को भी प्राप्त हो रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अग्निशमन विभाग ने विशेष टैंकरों के माध्यम से संगम का पवित्र जल जिले में पहुंचाया।

गौरीगंज, मोहनगंज और जायस में हुआ जल वितरण
बुधवार को गौरीगंज के जीजीआईसी तिराहे पर गंगाजल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को जल उपलब्ध कराया गया। इसी क्रम में मोहनगंज और जायस में भी जल वितरण की व्यवस्था की गई।अग्निशमन विभाग के द्वितीय अधिकारी अरशद खान ने बताया कि महाकुंभ के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण कई श्रद्धालु गंगा स्नान नहीं कर सके। ऐसे में सरकार की इस पहल से उन्हें घर बैठे पवित्र गंगाजल प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रमुख स्थानों पर जल वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।

श्रद्धालुओं ने जताई खुशी, सरकार के प्रयासों की सराहना
गंगाजल प्राप्त कर श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। उन्होंने आस्था और श्रद्धा के साथ इस जल को अपने घरों में रखा। स्थानीय लोगों ने सरकार और अग्निशमन विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो किसी कारणवश महाकुंभ में शामिल नहीं हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button