तकरीबन 2 घंटे देरी से पहुंची वंदे भारत ट्रेन
ट्रेन को देखने के लिए शहर के रेलवे स्टेशन पर देर रात उमड़ा जनसैलाब

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बाराबंकी। शहर के रेलवे स्टेशन पर अपने तय समय सात से तकरीबन दो घंटे लेट पहुंची वंदे भारत ट्रेन का जोरदार स्वागत किया गया। ट्रेन के पहुंचते ही लोग बड़ी संख्या अपने-अपने मोबाइल फोनों में ट्रेन सहित खुद की सेल्फी उतारने में जुट गए। यहां स्वागत कार्यक्रम में सांसद उपेंद्र सिंह रावत व एमएलसी अंगद सिंह सहित निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी सहित शहरवासियों का तांता लगा रहा। ट्रेन के पहुंचते ही भाजपा युवा मोर्चा के साथ ही जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। शहर के रेलवे स्टेशन का दृश्य एक मेले जैसा लग रहा था। जहां भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल लगाया गया था। शायद यह ऐसा पहली बार होगा जब हजारों की संख्या में शहरवासी व संभ्रांत जन रेलवे स्टेशन पहुंचकर किसी ट्रेन का स्वागत कर रहे थे।

बता दें कि वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार की गोरखपुर जंक्शन से लखनऊ जंक्शन के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जिसके बाद इसका रूट पर पढ़ने वाले रेलवे स्टेशनों पर रुकना और इसके स्वागत के कार्यक्रम के चलते यह ट्रेन बाराबंकी जंक्शन अपने तय समय से दो घंटे देर पहुंची। लेकिन फिर भी इसे देखने वालों की भीड़ टस से मस नहीं हुई। लोग टकटकी लगाए बेसब्री से वंदे भारत ट्रेन की एक झलक पाने का इंतजार करते रहे।

ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही सभी शहर वासियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस स्वदेशी सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन में सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध है। इस ट्रेन की पहली यात्रा के साक्षी व सहयात्री सांसद उपेंद्र सिंह रावत, एमएलसी अंगद कुमार सिंह व निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी बने। जिन्होंने बाराबंकी जंक्शन से आगे वंदे भारत ट्रेन की यात्रा का आनंद लिया।






