भूस्खलन से केदारनाथ यात्रा ठप, लगातार गिर रहे पत्थरों से बढ़ा खतरा
काकड़ागाड़ के पास हाईवे बंद, वाहनों की लंबी कतारें, सोनप्रयाग की ओर यातायात डायवर्ट

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग(उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड में प्री-मानसून बारिश ने चारधाम यात्रा पर असर डालना शुरू कर दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते गौरीकुंड हाईवे पर काकड़ागाड़ के पास भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे केदारनाथ यात्रा बाधित हो गई है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण प्रशासन ने इस मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया है।
हाईवे बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। ऐसे में सोनप्रयाग की ओर जाने वाले यातायात को बांसवाड़ा, पस्ता बैंड होते हुए लमगौंडी तिराहा (गुप्तकाशी) की ओर डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को अस्थायी हॉल्ट एरिया में रोका जा रहा है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने सभी थाना और चौकियों को अलर्ट मोड में रखा है। साथ ही चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
मार्ग साफ होने तक श्रद्धालुओं को रुकने की सलाह
प्रशासन ने बताया कि मार्ग से मलबा हटाने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार गिरते पत्थरों के कारण स्थिति जोखिमपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध है और बारिश थमने तक स्थिति सामान्य होने की संभावना नहीं है।
सावधानी जरूरी :
चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें और प्रशासन द्वारा चिन्हित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। मौसम की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए यात्रा से पहले अपडेट अवश्य लें।






