उत्तराखंड

तपिश से राहत पाने उमड़े सैलानी, कैम्पटी फॉल में छलके सुकून के झरने

दिल्ली-हरियाणा समेत मैदानी इलाकों से हजारों पर्यटक पहुंचे कैम्पटी, गर्मी से बचाव के लिए जल क्रीड़ा और झरने की ठंडक बनी पहली पसंद

जन एक्सप्रेस/नैनबाग(उत्तराखण्ड) : उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने आमजन को बेहाल कर दिया है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचते ही दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पर्यटक राहत की तलाश में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। मसूरी के नजदीक स्थित प्रसिद्ध कैम्पटी फॉल इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।

प्राकृतिक झरनों के बीच ठंडी फुहारों और हरियाली की गोद में समय बिताकर लोग गर्मी की तपिश से निजात पा रहे हैं। शनिवार और रविवार को तो यहां पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

झरने की ठंडक में सुकून की तलाश

कैम्पटी फॉल की झरती जलधारा और आसपास की हरियाली, पर्यटकों को भीषण गर्मी से राहत का अहसास करा रही है। दिल्ली से पहुंचे पर्यटक अभिषेक और शिवानी ने बताया कि दिल्ली में लू और उमस से परेशान होकर वे मसूरी घूमने आए थे, लेकिन असली राहत तो कैम्पटी फॉल की ठंडी जलधारा में स्नान कर ही मिली।

प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम

जौनपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाला कैम्पटी फॉल इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। यहां की प्रकृति, झरना और पहाड़ी हवाएं पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। झरने में स्नान, पिकनिक और फोटोग्राफी के लिए यह जगह इन दिनों सोशल मीडिया पर भी छाई हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था चुस्त, पुलिस बल तैनात

पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। कैम्पटी फॉल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सके। साथ ही पर्यटकों को भी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button