उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

केदारनाथ यात्रा में फिर हादसा: एक श्रद्धालु की मौत, दो गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग(उत्तराखण्ड) : रविवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक और बड़ा हादसा हो गया। जंगल चट्टी के पास अचानक हुए भारी भूस्खलन की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। लगातार हो रही बारिश ने मार्ग की स्थिति को और भी खतरनाक बना दिया है।

जंगल चट्टी के पास गिरा मलबा, मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा जंगल चट्टी के समीप हुआ, जहां ऊपर से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने लगे। घटनास्थल पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

एक की मौके पर मौत, दो घायल श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती

भूस्खलन की चपेट में आए तीन श्रद्धालुओं में से एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाकी दो गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल भेजा गया है।

लगातार बारिश बनी बाधा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोकी गई यात्रा

मौसम विभाग की चेतावनी और सड़क मार्ग पर खतरे को देखते हुए प्रशासन ने ऐहतियातन सोनप्रयाग और गौरीकुंड में यात्रियों को रोक दिया है। यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद फिर हादसा, यात्रियों में डर का माहौल

रविवार को ही खराब मौसम के चलते एक हेलिकॉप्टर क्रैश की खबर सामने आई थी। उसके कुछ ही घंटे बाद लैंडस्लाइड की यह घटना हुई, जिससे केदारनाथ यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button