यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन: दो लापता यात्रियों के शव मिले
11 वर्षीय बच्ची की हुई पहचान, हादसे में कुल पांच लोग गिरे थे खाई में

जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौकैंची के पास 23 जून को हुए भूस्खलन में लापता दो यात्रियों के शव रविवार को बरामद कर लिए गए। मृतकों में एक 11 वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है, जिसकी पहचान भाविका शर्मा, कृष्णा विहार नई दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। दूसरा शव कमलेश जेठवा (35), मुंबई निवासी का है। दोनों के शव भगेली गाड़ यमुना नदी में मिले।
भूस्खलन के दौरान खाई में गिरे थे 5 यात्री
जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर अचानक भारी बोल्डर और मलबा गिरने से चार से पांच श्रद्धालु खाई में जा गिरे थे। घटना के बाद से एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था। चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि एक शव के साथ एक अलग पैर भी बरामद हुआ है, जिससे अन्य लापता लोगों की भी खोजबीन जारी है। शवों को सीएचसी नौगांव भेजा गया है और परिजनों को सूचना देकर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिजनों पर टूटा दुख का पहाड़
मृतकों के परिजन उत्तरकाशी पहुंच चुके हैं। भाविका शर्मा की असमय मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बरसात के मौसम में इस संवेदनशील मार्ग पर।






