उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

छात्रा ने दिखाई शेरनी जैसी बहादुरी!

गुलदार के हमले पर छाते से किया पलटवार, जान बचाकर स्कूल पहुंची अंबिका

जन एक्सप्रेस, रुद्रप्रयाग/ बरसात और कोहरे के बीच उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में वन्यजीवों का खतरा बढ़ता जा रहा है, लेकिन इसी बीच एक दसवीं की छात्रा अंबिका ने बहादुरी की मिसाल पेश करते हुए गुलदार के हमले का डटकर मुकाबला किया। जखोली विकासखंड के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरोड़ा की छात्रा पर जब रास्ते में घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला किया, तो अंबिका ने अपने छाते से पलटवार करते हुए गुलदार को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

गुरुवार सुबह विद्यालय जाते वक्त अंबिका जैसे ही गांव से कुछ दूरी पर पहुंची, तभी घने कोहरे और झाड़ियों के बीच से अचानक गुलदार ने उस पर झपटा मारा। हमला अप्रत्याशित था, लेकिन छात्रा ने खुद को संभाला और अपने हाथ में पकड़े छाते से गुलदार पर वार करना शुरू कर दिया। इस दौरान गुलदार ने छात्रा के स्कूल बैग पर हमला किया और उसके पैर पर भी पंजा मारा, लेकिन अंबिका बिना डरे भागकर स्कूल तक पहुंची।

स्कूल पहुंचने पर अंबिका ने पूरा घटनाक्रम प्रधानाध्यापक नरेश भट्ट और शिक्षकों को बताया। तुरंत शिक्षक मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर गुलदार को भगाने का प्रयास किया। बाद में छात्रा का बैग भी घटनास्थल से लाया गया। इस पूरी घटना के बाद छात्रा थोड़ी डरी जरूर थी, लेकिन उसके चेहरे पर साहस और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।

विद्यालय प्रशासन ने छात्रा की बहादुरी की सराहना करते हुए सभी छात्रों को झुंड में चलने और सतर्क रहने की सलाह दी है। स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button