उत्तराखंडदेहरादून

2030 तक ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का 100 करोड़ टर्नओवर लक्ष्य

मुख्यमंत्री धामी ने की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा, रोजगार और पलायन पर रोक के लिए ग्रामीण विकास को नई दिशा

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखंड) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आदर्श गांव विकसित किया जाएगा, जहां मूलभूत सुविधाओं के साथ सभी परिवारों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। सोमवार को सचिवालय में ग्राम्य विकास विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को मिलेगा बड़ा बाजार
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि 2030 तक ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का टर्नओवर 100 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जाए। इसके लिए राज्य के उत्पादों को यूनिटी मॉल के माध्यम से विपणन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांड वैल्यू को प्राथमिकता दी जाए।

1.65 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
बैठक के दौरान ग्राम्य विकास सचिव राधिका झा ने बताया कि अब तक 1.65 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जा चुका है। अगले तीन वर्षों में एक लाख और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत अगले तीन वर्षों में 15 हजार ग्रामीण उद्यमों को सहायता दी जाएगी।

रिवर्स पलायन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने के साथ ही रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए ग्रोथ सेंटरों को कौशल विकास से जोड़ा जाएगा और योजनाओं की डोर स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।

150 से अधिक उत्पाद होंगे शामिल
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के तहत राज्य के 150 से अधिक स्थानीय उत्पादों को चरणबद्ध तरीके से इस ब्रांड के अंतर्गत शामिल किया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादों को देश और दुनिया में पहचान मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button