
जन एक्सप्रेस देहरादून: उत्तराखंड में पंचायत चुनावों के शुरुआती नतीजों ने कांग्रेस को एक नई राजनीतिक ऊर्जा दी है। देहरादून जिला पंचायत की 30 सीटों में से 12 पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी केवल 7 सीटों पर ही सिमट गई। 3 सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं, जबकि शेष पर मतगणना देर रात तक चलती रही।
मधु चौहान के गढ़ में कांग्रेस की सेंधमारी
देहरादून में दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रही भाजपा की वरिष्ठ नेता मधु चौहान के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी कांग्रेस ने सेंध लगाई। जौनसार बावर की 11 सीटों में से 7 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि 3 भाजपा और 1 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।
प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह की बंपर जीत
चकराता के बृनाड बास्तील से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी शांतिराम को भारी अंतर से हराकर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। अभिषेक को 4005 वोट, शांतिराम को 2096 वोट मिले।
बीजेपी ने उतारे 28 प्रत्याशी, पर 7 पर ही सिमटी जीत
भाजपा ने 30 में से 28 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए थे, लेकिन सिर्फ 7 सीटों पर ही जीत मिली। वहीं कांग्रेस ने 16 सीटों पर अधिकृत उम्मीदवार उतारे और 12 पर विजय प्राप्त की। कांग्रेस की यह बढ़त पार्टी के लिए आगामी चुनावों से पहले बूस्टर डोज साबित हो सकती है।
ब्लॉकवार स्थिति: चकराता में कांग्रेस का परचम, कालसी में टक्कर
चकराता ब्लॉक: 6 में से 5 सीटें कांग्रेस, 1 निर्दलीय
कालसी ब्लॉक: कांग्रेस को 2 सीटें, भाजपा को 3 सीटें
रायगी सीट से कांग्रेस के श्याम सिंह चौहान विजयी
कचटा से भाजपा की मधु चौहान बढ़त बनाए हुए
कांग्रेस को मिल रही राहत, विधानसभा में खराब प्रदर्शन के बाद मिली नई उम्मीद 2023 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को केवल 19 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा ने 47 सीटों पर कब्जा किया था। अब पंचायत चुनावों में मिले ये परिणाम पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर मजबूती दे सकते हैं।






