उत्तराखंडदेहरादून

नीलकंठ मार्ग पर हादसा: कार पर गिरा भारी पत्थर, बाल-बाल बचे यात्री

लगातार पत्थर गिरने से मार्ग डेढ़ घंटे रहा बंद, पुलिस ने रोका यातायात

जन एक्सप्रेस/देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। सोमवार सुबह ऋषिकेश लक्ष्मण झूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टूघाड के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक चलती कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।

लगातार गिर रहे हैं पत्थर, यातायात पर असर

थाना लक्ष्मण झूला प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर यातायात बंद रखा गया।

अन्य वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त, कोई हताहत नहीं

इस दौरान दो-तीन अन्य कारों पर भी छोटे-बड़े पत्थर गिरे, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम मार्ग को खोलने में जुटी हुई है।

प्रशासन की अपील – अनावश्यक यात्रा से बचें

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान इस मार्ग पर यात्रा से पूर्व मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button