
जन एक्सप्रेस/हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। राजघाट पर मूर्ति विसर्जन के वक्त एक युवक गंगा की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, संदेश नगर, परमधाम आश्रम के पास रहने वाले 38 वर्षीय निखिल गुप्ता गणेश विसर्जन में शामिल होने पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह गंगा की धारा में जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरा होने की वजह से कुछ ही पलों में वह नजरों से ओझल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च अभियान चलाया। हालांकि तेज बहाव और रात का अंधेरा तलाश में बाधा बना। इंस्पेक्टर चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों का अभियान लगातार जारी है।






