उत्तराखंडदेहरादून

PM मोदी के जन्मदिन पर बदरीनाथ-केदारनाथ में विशेष पूजा, पूरे उत्तराखंड में 16 दिन का ‘स्वास्थ्य महाकुंभ

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा, 4600 से अधिक शिविरों में होंगे मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान और दिव्यांग सहायता कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस देहरादून |प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में विशेष आयोजन किए जाएंगे। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित बीकेटीसी (बदरी-केदार मंदिर समिति) के सभी अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेशभर में “स्वास्थ्य महाकुंभ” के रूप में एक 16 दिवसीय सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा, जो 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य न केवल प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान प्रकट करना है, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा जैसे मूल्यों को भी जन-जन तक पहुंचाना है।

बदरी-केदार में विशेष पूजा

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 17 सितंबर को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही समिति के सभी मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। यह पूजा देश की उन्नति और लोककल्याण के लिए समर्पित होगी।”

16 दिवसीय स्वास्थ्य महाकुंभ: हर जिले में विशेष शिविर

राज्यभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस स्वास्थ्य पखवाड़े में कुल 4604 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार इन शिविरों में आमजन को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवाएं, परामर्श और जागरूकता कार्यक्रमों की सुविधा मिलेगी।

जिलावार शिविरों की संख्या इस प्रकार है:

अल्मोड़ा 522
पिथौरागढ़ 679
पौड़ी 573
टिहरी 533
देहरादून 425
हरिद्वार 367
नैनीताल 367
उत्तरकाशी 208
रुद्रप्रयाग 239
चमोली 206
यूएसनगर 256
बागेश्वर 109
चंपावत 120

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन शिविरों में विशेष रूप से दिव्यांगजनों की सहायता, स्वच्छता अभियान, रक्तदान और पोषण पर भी कार्य किया जाएगा।

आपदा क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर सकते हैं पीएम

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 11 सितंबर को उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। उनका संभावित कार्यक्रम आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने का है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए नैनीताल में 11 से 13 सितंबर तक प्रस्तावित चिंतन शिविर स्थगित कर दिया गया है।

सेवा पखवाड़ा: समर्पण और संकल्प

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा” के तहत राज्यभर में अनेक सामाजिक गतिविधियां चलाई जाएंगी, जिनमें शामिल हैं:स्वच्छता अभियान,पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम,रक्तदान शिविर,दिव्यांग सहायता शिविर,हेल्थ चेकअप कैंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के पर्व के रूप में मनाने की यह पहल उत्तराखंड को एक नई दिशा देने वाली है। बदरीनाथ-केदारनाथ से लेकर गांव-गांव में लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों तक, यह आयोजन लोककल्याण के बहुआयामी प्रयास का प्रतीक बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button