उत्तराखंडपौड़ी

भू-धंसाव से बेहाल टीचर्स कॉलोनी का कैबिनेट मंत्री ने किया निरीक्षण

डॉ. धन सिंह रावत ने प्रभावित परिवारों को दिलाया भरोसा, जल्द होगा पुनर्वास

जन एक्सप्रेस पौड़ी,श्रीनगर: राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को श्रीनगर के घसिया महादेव स्थित टीचर्स कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण कर भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परिवारों की पीड़ा को सुना और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।

दरारों से दरकते मकान, जीवन संकट में

स्थानीय निवासियों ने मंत्री को अवगत कराया कि भू-धंसाव के कारण उनके मकानों में गंभीर दरारें पड़ गई हैं और घर अब रहने योग्य नहीं रह गए हैं। वे अपने आशियाने छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। मंत्री ने इस पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पुनर्वास हेतु ठोस कार्यवाही शीघ्र की जाएगी।

प्रभावित क्षेत्र का होगा विस्तृत सर्वे

डॉ. रावत ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया को निर्देश दिए कि अलकनंदा नदी किनारे से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण कर क्षति का आंकलन तैयार करें और शासन को प्रस्ताव भेजा जाए।

ठोस ट्रीटमेंट योजना पर जोर

मंत्री ने भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र के ट्रीटमेंट के लिए वैज्ञानिक और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।जिलाधिकारी ने बताया कि टीचर्स कॉलोनी का प्राथमिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुनर्वास कार्य प्रशासन की प्राथमिकता में है और इससे जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा, प्रभारी तहसीलदार दीपक भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button