
जन एक्सप्रेस /देहरादून: जनपद देहरादून के दुर्गम क्षेत्र नागथात अंतर्गत 29 सितंबर को विकासखंड कालसी के ग्राम उटैल (बैसोगिलानी) में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी सविन बंसल करेंगे। शिविर का संचालन सुबह 11 बजे से लेकर अपराह्न 4 बजे तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और समस्याओं का तत्काल निस्तारण करेंगे।
शिविर में अटल आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र (UDID), आधार कार्ड, श्रमिक कार्ड बनाए जाएंगे। वहीं सामाजिक पेंशन जैसे वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान व परित्यक्ता पेंशन से संबंधित प्रकरणों का सत्यापन व समाधान किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क जांच, औषधि वितरण, नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
शिविर में आय, जाति, निवास, चरित्र प्रमाण पत्र एवं निर्विवाद उत्तराधिकार संबंधी मामलों का निस्तारण राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा महिला कल्याण, शिक्षा, खाद्य एवं रसद, ग्राम्य विकास, उद्योग, पर्यटन, कृषि, उद्यान, विद्युत, पेयजल, श्रम, सहकारिता, सिंचाई, लोनिवि, एनएचएआई, पीएमजीएसवाई सहित अन्य विभागों की स्टॉलें भी लगेंगी।
डीडीआरसी के माध्यम से दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग, उपचार व परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आईसीडीएस विभाग कुपोषित शिशु, किशोरियों एवं महिलाओं का चिन्हीकरण कर पोषाहार वितरण करेगा।
श्रम विभाग श्रमिक कार्ड बनाएगा, नवीनीकरण करेगा तथा पंजीकृत श्रमिकों को सामग्री वितरित करेगा। लीड बैंक की ओर से पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, सीसीएल तथा स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन भी लिए जाएंगे।
शिविर में युवाओं के लिए रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा, साथ ही स्वरोजगार के लिए विभिन्न विभागों द्वारा आवेदन लिए जाएंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्षेत्रीय जनमानस से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें और अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित कराएं।






