मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखें, झाड़फूँक से बचें।

जन एक्सप्रेस/पिथौरागढ़: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस0एस0 नबियाल के निर्देशन में तथा नोडल अधिकारी डा ललित भट्ट के नेतृत्व में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम पिथौरागढ़ के सभागार में एक गोष्टी का आयोजन किया गया जो कि आपदा एवं आपात स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आधारित था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सिविल जज श्रीमती मंजू देवी थी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए साइकाट्रिस्ट सोशल वर्कर जीवन चन्द्र तिवारी ने विश्व एवं भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रारम्भ करने तिथियों योजनाओं एवं वर्तमान में चल रही मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम पर प्रकाश डाला , उसके पश्चात् कम्युनिटी नर्स चंदा चौहान मानसिक विकारो, जैसे अवसाद, एंजार्टी, पी0टी0एस0डी एवं लक्षणों के विषय में बताया l उसके पश्चात नोडल अधिकारी डॉ ललित भट्ट द्वारा जानकारी दी गयी कि यदि कोई व्यक्ति का व्यवहार अन्य की तुलना में असामान्य है, जो लम्बे समय से उदास रह रहा हो, उसके मन में नकारात्मक भावनाएं आ रही हो, चिड़चिड़ापन रहता हो, छोटी छोटी बातों से अत्यधिक गुस्सा हो जाता हो, बात बात में शक करता हो, आत्महत्या के विचार आते हो, ऐसे व्यक्ति को मानसिक समस्या हो सकती है। ऐसे लक्षणों वाले व्यक्ति को मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की आवश्यकता होती है परंतु स्थानीय भ्रांतियां के कारण लोग इलाज करने के बजाय झाड़फूक इत्यादि चक्करों पढ़कर ईलाज नहीं कराते हैं, जिस कारण रोगी की मानसिक स्थिति अत्यधिक बिगड़ जाती है और सुधार होने में लम्बा समय लगता हैl अतः शुरुआत में ऐसे लक्षण देखने पर उसका इलाज तुरंत कराना चाहिएl मुख्य अतिथि सिविल जज श्रीमती मंजू देवी ने उपस्थित लोगों से कहा कि मानसिक समस्या किसी को भी हो सकती है ऐसी स्थिति होने पर व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए जानकर व्यक्ति से सलाह लेनी चाहिए, कोई भी बात छिपानी नहीं चाहिए, योग और ध्यान के माध्यम से भी मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती हैl मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस0एस0 नबियाल ने जानकारी दी कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2025 के उपलक्ष्य में 10 अक्टूबर से 10 नवंबर 2025 तक विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम में हिमानी पंत, निशा कश्यप, दीपक बड़ोला, योगेश पंत आदि शामिल रहे।






