उत्तरकाशीउत्तराखंड

रजत जयंती सप्ताह का रंगारंग आगाज: लोकसंस्कृति की झलक ने मोहा जनसमूह का मन

राज्य स्थापना दिवस पर छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुत की उत्तराखंड की समृद्ध परंपरा

जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती सप्ताह का आगाज आज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।सप्ताह के प्रथम दिवस पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के सांस्कृतिक दलों ने देवभूमि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और वाद्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया और दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से झूम उठे।जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने अपने संबोधन में राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमारे संघर्षों और संकल्पों की याद दिलाता है, साथ ही हमें विकास की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को भी श्रद्धा से स्मरण किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयभरत सिंह ने जनपदवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में रेखीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, रणबीर सिंह महंत, राज्य आंदोलनकारी डॉ. विजेंद्रपाल पोखरियाल, प्रताप सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button