उत्तराखंड

बिरजा इंटर कॉलेज में 88 छात्र-छात्राओं ने ली स्काउट-गाइड की दीक्षा

दीक्षा संस्कार कार्यक्रम में सत्य, अनुशासन और सेवा के मार्ग पर चलने का दिया गया संदेश

जन एक्सप्रेस चिन्यालीसौड़:बिरजा इंटर कॉलेज परिसर में शनिवार को स्काउट-गाइड का दीक्षा संस्कार कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 88 छात्र-छात्राओं को स्कार्फ पहनाकर स्काउट एवं गाइड की विधिवत दीक्षा दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एस.डी. घिल्डियाल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्काउट-गाइड ध्वज के ध्वजारोहण के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, नैतिकता और उच्च आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा संगति का विवेकपूर्ण चयन करने पर बल दिया।स्काउट मास्टर रघुवीर पवार ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने स्काउट-गाइड के स्कार्फ पर प्रतिदिन एक गांठ बांधने के महत्व को बताते हुए कहा कि यह प्रतिदिन एक भलाई का कार्य करने का प्रतीक है।विद्यालय की गाइड शिक्षिका लता कोठारी ने दीक्षा लेने वाले विद्यार्थियों द्वारा प्रतिदिन एक अच्छी आदत अपनाने के संकल्प की सराहना की। उन्होंने स्काउट-गाइड के आदर्श वाक्य “तैयार रहो” को जीवन में उतारने का संकल्प भी दिलाया।कार्यक्रम का संचालन नैतिक खत्री ने किया। इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर अमित पवार, रेखा घिल्डियाल, राजेश केस्टवाल, सुशील उनियाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर सभी नवदीक्षित स्काउट-गाइड्स ने समाज सेवा, अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button