
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी:जिला कांग्रेस कमेटी, उत्तरकाशी द्वारा आज जिलाधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जनपद मुख्यालय में 22, 23 एवं 24 दिसंबर को प्रस्तावित “रजत वर्ष समारोह” के नाम पर करोड़ों रुपये की फिजूलखर्ची के विरोध में दिया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि जनपद उत्तरकाशी के धराली, हर्षिल तथा सिल्याण सहित कई आपदा प्रभावित क्षेत्र आज भी गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। महीनों बीत जाने के बावजूद न तो प्रभावित परिवारों को स्थायी राहत एवं पुनर्वास मिला है और न ही सुरक्षा एवं आपदा-निवारण के ठोस कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे संवेदनशील समय में रजत वर्ष समारोह के नाम पर भारी धनराशि खर्च करना न केवल अनुचित है, बल्कि आपदा पीड़ितों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।
ज्ञापन में जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि—
1.रजत वर्ष समारोह के नाम पर होने वाली फिजूलखर्ची को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
2.धराली, हर्षिल एवं अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों को शीघ्र राहत, स्थायी आवास एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
3.लापता व्यक्तियों की खोज एवं राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
4.धराली ग्राम एवं बाजार के पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं।
5.हर्षिल एवं सिल्याण क्षेत्रों में सुरक्षा, आपदा-निवारण तथा आजीविका सृजन से जुड़े कार्य तत्काल सुनिश्चित किए जाएं। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि जब तक जनपद के सभी आपदा प्रभावित परिवार सुरक्षित, पुनर्स्थापित एवं सम्मानजनक जीवन की ओर नहीं लौटते, तब तक किसी भी प्रकार के उत्सव या समारोह नैतिक रूप से उचित नहीं हैं।अंत में, जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने प्रशासन एवं सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र, संवेदनशील एवं जनहितकारी निर्णय लेने की मांग की है ज्ञापन देने वालों में कनकपाल सिंह परमार (पूर्व प्रमुख) कमल सिंह रावत जिला संयोजक सेवा दल कांग्रेस शीशपाल पोखरियाल बी एल घालवन विजेंद्र नौटिया मधु रावत सुधीश पवांर जीतम रावत (पूर्व प्रधान) अभिषेक जगूड़ी एडवोकेट उपस्तिथ रहे






