बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर आप का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रही कथित हिंसा और असुरक्षा की घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) जौनपुर इकाई ने रविवार को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। शहर के अंबेडकर तिराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर इस मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त की और जिला प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा केवल एक देश का आंतरिक मामला नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय और अंतरराष्ट्रीय विषय है। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि वह इस मुद्दे को कूटनीतिक स्तर पर गंभीरता से उठाए और वहां रह रहे हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी कदम करे।
आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों और सुरक्षा की स्थिति उस देश की लोकतांत्रिक मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील विषय को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ उठाया जाना चाहिए, ताकि धार्मिक स्थलों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
वहीं, जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश सरकार से संवाद के माध्यम से स्थिति को सामान्य करने की दिशा में प्रयास तेज करने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और धार्मिक स्वतंत्रता किसी भी समाज की बुनियाद होती है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी। इस अवसर पर पार्टी के जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ, युवा विंग के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






