हवाई हमले की आशंका को लेकर महराजगंज में 10 मिनट का ब्लैक आउट ड्रिल, 23 जनवरी को होगी एक्सरसाइज
आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल डिफेंस की तैयारी, नागरिकों से सहयोग की अपील

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: महराजगंज में संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ब्लैक आउट ड्रिल आयोजित की जा रही है। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि हवाई हमले अथवा युद्ध जैसी स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रकाश प्रतिबन्ध, जिसे ब्लैक आउट कहा जाता है, अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से रात के समय दुश्मन को किसी भी प्रकार के प्रकाश संकेत मिलने से रोका जाता है।
इसी क्रम में 23 जनवरी को शाम 6:00 बजे से 6:10 बजे तक, पुलिस लाइन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में 10 मिनट का ब्लैक आउट अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान सिविल डिफेंस द्वारा बचाव और सुरक्षा से जुड़ी आपातकालीन विधियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्रतिष्ठानों, कार्यालयों, दुकानों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घरों और कार्यस्थलों की सभी लाइटें बंद रखें। साथ ही मोबाइल फ्लैशलाइट, टॉर्च, माचिस अथवा किसी भी प्रकार के प्रकाश स्रोत का उपयोग न करें।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि ब्लैक आउट के दौरान घरों के भीतर ही रहें, अनावश्यक बाहर न निकलें और शांति बनाए रखें। यदि कहीं से प्रकाश बाहर जाता दिखाई दे तो उसे काले कागज या कपड़े से ढक दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास सिविल डिफेंस वार्डनों के सहयोग से कराया जाएगा, जिसका उद्देश्य नागरिकों को भविष्य की किसी भी आपात स्थिति के लिए मानसिक और व्यावहारिक रूप से तैयार करना है।






