उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने पनियरा में मतदाता नोटिसों की सुनवाई का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल अनिल ढींगरा ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र पनियरा के अंतर्गत विकास खंड परतावल में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई हेतु निर्धारित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जारी नोटिसों की संख्या, सुनवाई की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

ईआरओ पनियरा ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि नो मैपिंग मतदाताओं को कुल 40,912 नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि तार्किक विसंगति के आधार पर लगभग 51,000 मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं। साथ ही इस अवधि में लगभग 11,500 फॉर्म-06 भी प्राप्त हुए हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नोटिसों की सुनवाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए तथा जो मतदाता नियत तिथि पर उपस्थित न हो सकें, उनकी सुनवाई अन्य तिथियों में भी सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त ने सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ईआरओ पनियरा सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण तरीके से की जाए। उन्होंने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं व अनुभवों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और हेल्प डेस्क के माध्यम से समुचित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार में एसआईआर के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक राजनीतिक दलों एवं समस्त ईआरओ के साथ की। बैठक में सभी ईआरओ ने विधानसभावार अब तक की प्रगति की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं को सुनवाई स्थलों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही सुनवाई स्थलों का विकेंद्रीकरण किया जा रहा है, जिसके तहत बड़े मतदान केंद्रों सहित अन्य स्थलों पर भी नोटिसों की सुनवाई की जाएगी, ताकि मतदाताओं को दूर न जाना पड़े। साथ ही उन्होंने सभी तहसीलों को निवास प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि ईआरओ यह सुनिश्चित करें कि मतदाता आसानी से फॉर्म-06 जमा कर सकें तथा फॉर्म-07 के तहत विलोपन की प्रक्रिया नियमानुसार व पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। राजनीतिक दलों के अनुरोध पर उन्होंने बीएलओ की पर्याप्त उपलब्धता तथा इच्छुक सभी मतदाताओं को शत-प्रतिशत फॉर्म-06 उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए सतत संवाद व समन्वय की सराहना की।

मंडलायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी निर्वाचक नामावली तैयार करना है, जिसके लिए प्रत्येक स्तर पर गहन पर्यवेक्षण, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता आवश्यक है। उन्होंने ईआरओ को सभी प्रकरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करने तथा राजनीतिक दलों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button