हरदोई में आयुर्वेदिक फैक्ट्री पर छापा,भारी मात्रा में भांग बरामद

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के नघेटा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आयुर्वेदिक फैक्ट्री में भारी मात्रा में भांग रखे जाने की सूचना पर एसओजी टीम ने अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर में भांग से भरा एक ट्रक बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में भंडारण क्षमता से अधिक स्टॉक मिलने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार हरदोई के नघेटा इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित ओम आयुर्वेदिक कंपनी को सीमित मात्रा में भांग रखने और उससे आयुर्वेदिक उत्पाद तैयार करने की अनुमति है। हालांकि छापे के दौरान मिली मात्रा ने अधिकारियों को चौंका दिया। बताया जा रहा है कि स्टॉक निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक था।सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने सुबह लगभग दस बजे फैक्ट्री में छापा मारा। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, आबकारी विभाग, एक्साइज विभाग, आयुर्वेद विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फैक्ट्री के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और परिवहन संबंधी दस्तावेजों का मिलान शुरू कर दिया है।प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि होली के मद्देनजर भांग से बने उत्पादों की बड़े पैमाने पर आपूर्ति की तैयारी की जा रही थी। इसी क्रम में निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण किया गया हो सकता है। हालांकि वास्तविक स्थिति दस्तावेजों के सत्यापन और विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।अधिकारियों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मामले में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की बात कही जा रही है।






