LPG सिलेंडर महंगा, घरेलू गैस 60 रुपये और कमर्शियल 115 रुपये बढ़ी
नई कीमतें तुरंत लागू, दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये हुआ; होटल-रेस्टोरेंट पर भी बढ़ेगा खर्च

जन एक्सप्रेस/ दिल्ली/लखनऊ। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। तेल कंपनियों ने नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी हैं और इन्हें अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया है।नई कीमतों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 115 रुपये की वृद्धि की गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे व्यापारियों के खर्च में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसका असर आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।हालांकि केंद्र सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह के संकट से इनकार किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि भारत के पास विभिन्न स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार के मुताबिक वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।






