उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

Maharajganj: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद में 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज तथा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम और परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए जांच स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए क्लॉक रूम, पेयजल, सुविधाजनक फर्नीचर और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन कराई जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षार्थियों के प्रवेश एवं जांच प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को चार पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4560 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि कुल 18240 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button