उत्तर प्रदेशचित्रकूटचित्रकूटराज्य खबरें

भव्य दीपोत्सव के साथ मनाया जाएगा चैत्र रामनवमी और चित्रकूट गौरव दिवस

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: आगामी 27 मार्च को चैत्र रामनवमी एवं ‘चित्रकूट गौरव दिवस’ को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित जनपद के प्रमुख मठ-मंदिरों के महंत, साधु-संत, धर्मशाला एवं आश्रम संचालक, होटल व लॉज स्वामी, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आयोजन को जन-उत्सव के रूप में मनाने पर जोर दिया गया। विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों की ओर से 11 लाख दीप जलाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे जिलाधिकारी ने बढ़ाकर 22 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य तय किया। दीपोत्सव में पण्डा समाज, नाविक, टैक्सी यूनियन, व्यापारिक संगठन, सभासद और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि रामघाट पर सायंकाल भव्य दीपदान के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। स्थानीय और लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं बुंदेलखंड की पारंपरिक लोक कला ‘दीवारी नृत्य’ का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा प्रमुख स्थलों पर भव्य रंगोली सजाई जाएगी और आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि चित्रकूट गौरव दिवस जनभावनाओं से जुड़ा पर्व है और इसे सभी के सहयोग से भव्य बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button