
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए टीएचडीसी ने बस उपलब्ध करवा दी है। अब बस सेवा शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। छात्र-छात्राएं लंबे समय से बस की मांग को लेकर आंदोलित थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत,युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनीष राणा और कॉलेज प्राचार्य डॉ.पुष्पा नेगी ने पूजा अर्चना कर बस सेवा का शुभारंभ किया। जिलाध्यक्ष उदय ने कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राएं लंबे समय से बस सेवा की मांग कर रहे थे। जिसे अब पूरा कर दिया गया है। बताया कि बस सेवा के शुरू होने से जाखणीधार से कॉलेज में पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी। कहा कि छात्रों की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी प्रयास किया जाएगा। छात्रसंघ अध्यक्ष मंजीत शाह,पूर्व अध्यक्ष युवराज सिंह शाह ने कॉलेज को बस उपलब्ध कराने पर जिलाध्यक्ष का आभार जताया। कहा कि अभी तक बस न होने के कारण दूरस्थ क्षेत्र से कॉलेज आने वाले छात्रों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी।
प्राचार्य डॉ.पुष्पा नेगी ने कहा कि सरकार से लेकर जिला प्रशासन छात्रों को हर सुविधा मुहैया करवा रही है। ऐसे में छात्रों को लगनशीलता के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। इस मौके पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष अंजलि बिजल्वाण,महासचिव साक्षी राणा,कोषाध्यक्ष ऐश्वर्या चमोली,विवि प्रतिनिधि मोनिका बिष्ट,जिशान,शिवांगी उनियाल,मणिका राणा,डॉ.पीसी पैन्यूली आदि मौजूद थे।






