हरदोई के हरपालपुर में स्वास्थ्य टीम की छापेमारी से मचा हड़कम्प
तीन अस्पताल संचालको को नोटिस जारी

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जिले के हरपालपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा हरपालपुर कस्बे में अबैध रूप से संचालित अस्पतालों में अचानक छापेमारी से हड़कम्प मच गया।छापेमारी की भनक लगते ही कई क्लीनिक संचालक अस्पताल छोड़कर मौके से फरार हो गए वहीं कई निजी अस्पतालों में धड़ाधड़ शटर गिरा दिए गए।हालांकि टीम में शामिल नोडल अधिकारी ने तीन अस्पताल संचालको को नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर बैध अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बताते चलें कि हरपालपुर कस्बे सहित समूचे कटियारी इलाके में अवैध रूप से संचालित तमाम मेडिकल स्टोर,पैथोलॉजी लैब, क्लीनिक और छोटे अस्पताल लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। क्षेत्र में लगभग एक दर्जन से अधिक पैथोलॉजी लैब, क्लीनिक और अस्पताल बिना डिग्री और बिना रजिस्ट्रेशन के राम भरोसे संचालित किए जा रहे हैं। इन अबैध अस्पतालों में न तो मानक पूरे किए जा रहे हैं और न ही संचालकों के पास मान्य डिग्री या रजिस्ट्रेशन है।कुछ स्थानो पर बड़े बड़े बोर्ड लगाकर क्षेत्र की भोली भाली जनता को गुमराह करके इलाज के नाम पर भर्ती करके उनसे मनमाना पैसा वसूला जाता है।मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर आनंद पांडेय ने नोडल अधिकारी डॉक्टर अजीत मणि नीलम के साथ हरपालपुर कस्बे के न्यू कृष्णा हॉस्पिटल,न्यू लाइफ हॉस्पिटल, नीलकंठ पाली क्लीनिक सहित कई अस्पतालों में अचानक छापेमारी की।स्वास्थ्य टीम की छापेमारी से अबैध अस्पताल संचालको में हड़कम्प मच गया।छापेमारी की भनक लगते ही आनन फानन में कई क्लीनिक संचालक अपनी अपनी क्लीनिक छोड़कर मौके से फरार हो गए।स्वास्थ्य टीम ने तीन अस्पताल संचालको को नोटिस देते हुए एक सप्ताह में अभिलेख प्रस्तुत कर नोटिस का जबाब देने को कहा है।






