उत्तर प्रदेशजौनपुर

पूर्वांचल युवा महोत्सव 2025: 24 से 26 अक्टूबर तक होगा रंगारंग आयोजन

 पूर्वांचल के उभरते कलाकारों को मिलेगा मंच, फिल्म व साहित्य जगत की हस्तियाँ भी होंगी शामिल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : पूर्वांचल की प्रतिभाओं को मंच देने वाला बहुप्रतीक्षित पूर्वांचल युवा महोत्सव इस वर्ष 24, 25 व 26 अक्टूबर को नव दुर्गा मंदिर, विसर्जन घाट पर भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी नगर के एक होटल में मंगलवार को आयोजित संरक्षक मंडल व पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक में दी गई।

बैठक में संरक्षक मंडल के सदस्य टी.डी. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. समर बहादुर सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रो. मनोज मिश्र और शिक्षा संकाय के डीन प्रो. अजय कुमार दुबे की उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को रचनात्मक दिशा देने वाला एक सशक्त मंच है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि इस बार न केवल जनपद बल्कि पूरे पूर्वांचल के नवोदित कलाकारों को मौका दिया जाएगा। साथ ही कविता, गायन, नृत्य, वादन, मिमिक्री और फिल्म जगत से जुड़ी नामचीन हस्तियाँ भी महोत्सव की शोभा बढ़ाएँगी। उन्होंने यह भी बताया कि केवल दो वर्षों में ही पूर्वांचल युवा महोत्सव ने जनपद के कलाकारों के बीच अपनी एक विशेष पहचान बना ली है और इस आयोजन का अब हर साल बेसब्री से इंतजार किया जाता है।

बैठक में पूर्व शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार सिंह,  संजय सिंह, सभासद मिंटू पाठक, उपेंद्र कुमार मिश्र, बिट्टू किन्नर ,चंद्रमणि मिश्र, श्यामिनी सिंह, श्रीमती राखी सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक का संचालन अविनाश दुबे ने किया जबकि आभार आयोजन समिति की महामंत्री निवेदिता राय ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button