
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में टिहरी बांध जलाशय में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया पुलिस कप सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केज कल्वर, बोट यूनियन की समस्याओं तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बोट यूनियन, टीएचडीसी, आईटीबीपी, पर्यटन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और सभी को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बोट यूनियन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ऑल इंडिया पुलिस कप की तैयारियां जारी हैं, लेकिन पर्यटन सीजन के दौरान राफ्टिंग और बोटिंग संचालन में इससे व्यवधान उत्पन्न हो सकता है।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बोट यूनियन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर पहले से ही यह तय करें कि किन-किन स्थानों से राफ्टिंग और बोटिंग संचालित होगी, ताकि प्रतियोगिता और पर्यटन गतिविधियां एक साथ सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान टिहरी झील में किसी भी प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित न की जाए, जिससे पर्यटकों को असुविधा हो। इस संबंध में जल्द ही एक विस्तृत कैलेंडर जारी किया जाएगा।
बैठक में महाप्रबंधक टीएचडीसी विजय सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी एस.एस. राणा, आईटीबीपी के अधिकारी आशुतोष बिष्ट, प्रबंधक प्राधिकरण आशीष कठैत, मत्स्य अधिकारी वी.पी. सिंह, निरीक्षक आमोद नौटियाल, टीएचडीसी के गणेश प्रसाद भट्ट तथा बोट यूनियन के लखवीर चौहान और मनीष रावत सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।






