प्रयागराज में गंगा के निकट पर स्थित गायत्री चेतना केंद्र शिवकुटी में नवरात्रि गायत्री अनुष्ठान का शिविर आयोजित किया जा रहा है

जन एक्सप्रेस/हरिद्वार/प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा तट के निकट स्थित गायत्री चेतना केंद्र शिवकुटी में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गायत्री अनुष्ठान शिविर का शुभारंभ 19 मार्च (हिंदू नव वर्ष चैत्र प्रतिपदा) से हो गया है। यह शिविर 27 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
इस आध्यात्मिक शिविर में लगभग 30 साधक आवासीय रूप से रहकर पूर्ण अनुशासन और साधना के साथ अनुष्ठान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दिल्ली और मध्य प्रदेश से भी श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं।
केंद्र के प्रभारी देश दीपक जोशी ने बताया कि शास्त्रों में नवरात्रि के समय साधना का विशेष महत्व बताया गया है। इस अवधि में की गई साधना से व्यक्ति अपने पूर्व जन्म के कर्मों से उत्पन्न कष्टों को कम करने में सक्षम होता है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि साधना से साधक को पूरे वर्ष ऊर्जा, सकारात्मकता और आध्यात्मिक बल प्राप्त होता है, जिससे जीवन को बेहतर ढंग से जीने की प्रेरणा मिलती है।
इस शिविर के माध्यम से साधकों को गायत्री शक्ति, गुरुदेव की तपशक्ति तथा मां गंगा की दिव्य ऊर्जा का सामूहिक लाभ प्राप्त हो रहा है, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और सकारात्मक बना हुआ है।






