उत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

रानीपुर टाइगर रिजर्व में फिर दिखी बाघ की मौजूदगी, ग्रामीणों में दहशत तो वन्यजीव प्रेमियों में खुशी

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र से एक बार फिर बाघ की मौजूदगी की खबर सामने आई है। मारकुंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत इटवा के कुसमी जंगल में बाघ की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर जीपीएस लोकेशन के साथ साझा की गई, जिसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल के आसपास बाघ की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों ने जंगल की ओर अकेले जाने से परहेज शुरू कर दिया है। वहीं वन विभाग भी मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

हालांकि, बाघ की मौजूदगी को रानीपुर टाइगर रिजर्व के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या और उनकी सक्रियता उस क्षेत्र के बेहतर वन प्रबंधन और समृद्ध जैव विविधता का प्रमाण होती है।
वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि यदि रानीपुर टाइगर रिजर्व में बाघों की नियमित मौजूदगी बनी रहती है तो आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
फिलहाल वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है। साथ ही वायरल तस्वीर की सत्यता और बाघ की गतिविधियों की निगरानी भी की जा रही है।
रानीपुर टाइगर रिजर्व में बाघ की दस्तक एक ओर जहां ग्रामीणों के लिए सतर्कता का संदेश है, वहीं दूसरी ओर वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सुखद संकेत भी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button