गौरक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर हत्या, हाईवे पर उबाल — CM योगी का सख्त एक्शन का आदेश

जन एक्सप्रेस/मथुरा: ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा के प्रमुख चेहरे और ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर महाराज की शुक्रवार तड़के दर्दनाक हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि गोतस्करों का पीछा करते समय उनकी बाइक को ट्रक से टक्कर मारकर कुचल दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गोतस्करों का पीछा बना जानलेवा
घटना छाता क्षेत्र के नवीपुर गाँव के पास तड़के करीब 4 बजे की है। सूत्रों के अनुसार, संत चंद्रशेखर को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में गायों की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना पर वे अकेले ही बाइक से ट्रक का पीछा करने लगे।
आरोप है कि पकड़े जाने के डर से तस्करों ने जानबूझकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी और उन्हें रौंदते हुए फरार हो गए।
एक आरोपी पकड़ा, अन्य फरार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
हाईवे पर हंगामा, कई किलोमीटर लंबा जाम
संत की हत्या की खबर फैलते ही समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। हजारों लोग छाता क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे पर उतर आए और जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने नारेबाजी की और कुछ स्थानों पर पथराव भी किया, जिससे कई वाहनों के शीशे टूट गए। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
CM योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
ब्रज क्षेत्र में शोक और आक्रोश
‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर चंद्रशेखर महाराज ब्रज क्षेत्र में गौरक्षा आंदोलन का बड़ा चेहरा माने जाते थे। उनकी हत्या से संत समाज और स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।






