UPITS-2026: CM योगी ने तैयारियों की समीक्षा की, 85 देशों से 550+ इंटरनेशनल खरीदारों का लक्ष्य

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों और निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच है। यह सिर्फ एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला वैश्विक मंच है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले UPITS-2026 का देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports’ होगी। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक B2B खरीदारों और 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुकों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
₹13,500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य
UPITS-2026 के दौरान 4,000 से अधिक MoU, ₹3,200 करोड़ से अधिक के प्रस्तावित MoU और ₹13,500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया और रूस समेत अन्य देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की विविध औद्योगिक और आर्थिक क्षमता को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
उद्यमी मित्रों और छात्रों की होगी भागीदारी
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आगंतुकों की सुविधा के लिए ईवी बसों के संचालन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि UPITS-2026 ऐसा आयोजन बने, जो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश अनुकूल वातावरण और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को दुनिया के सामने प्रभावी रूप से प्रस्तुत करे।






