उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग में 23–25 मार्च तक होंगे “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम, प्रशासन ने किया तैयारियों का निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग जनपद में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत 23 से 25 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को परखा।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, आवेदन और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कैम्प, महिला एवं बालिका स्वास्थ्य शिविर, मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए लोक नृत्य, लोक गायन और लोक कला के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

इस अवसर पर देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोग राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि महिलाओं के लिए सशक्तिकरण और पोषण से संबंधित योजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा।

इसके अलावा, डिजिटल सेवाओं के उपयोग, स्वच्छता और नदी संरक्षण को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button