
जन एक्सप्रेस/देहरादून: भारत सरकार द्वारा आयोजित उड़ीसा प्रेस टूर के तहत उत्तराखंड के 15 सदस्यीय पत्रकारों का दल रविवार को देहरादून से उड़ीसा पहुंचा। इस प्रेस टूर का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर दिखाना है। इस दल में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया एवं स्वतंत्र पत्रकार शामिल हैं, जो उड़ीसा में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। यह पहल PIB की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसके माध्यम से सरकारी नीतियों और विकास कार्यों को मीडिया के जरिए आम जनता तक पहुंचाया जाता है।
इन प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण: सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ फिशरीज एंड एक्वाकल्चर, भुवनेश्वर सेंट्रल राइस रिसर्च इंस्टिट्यूट, कट्टक पारादीप पोर्ट कोणार्क हेरिटेज साइट. इसके अलावा पत्रकारों का दल नंदनकानन प्राणी उद्यान, जगन्नाथ पुरी तथा रघुबरपुर हेरिटेज गांव का भी दौरा करेगा। रघुबरपुर गांव अपनी पारंपरिक कला और हस्तशिल्प के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है, जहां लगभग हर घर में कलाकार अपनी पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही कला को जीवित रखे हुए हैं। प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर एवं सहायक निदेशक, PIB देहरादून, श्री संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि यह टूर पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उन्हें योजनाओं की वास्तविक स्थिति, प्रगति और प्रभाव को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से पत्रकारों को औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कल्याण योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की सटीक एवं गहन जानकारी प्राप्त होगी, जिसे वे आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचा सकेंगे। प्रेस टूर की शुरुआत उड़ीसा के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट के साथ होगी, जिसके बाद विभिन्न परियोजना स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह पहल मीडिया को तथ्यात्मक एवं स्पष्ट सूचना उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगी, जिससे आम जनता तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंच सकेगी।






