उत्तरकाशीउत्तराखंड

पीएम श्री बी.एस. नेगी राजकीय इंटर कॉलेज हुडोली में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव एवं एलुमनाई सम्मान समारोह

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: पुरोला में शनिवार को पीएम श्री बी.एस. नेगी राजकीय इंटर कॉलेज हुडोली में वार्षिक उत्सव एवं एलुमनाई सम्मान समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा पूर्व छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। लोक नृत्य, गीत, नाटक और देशभक्ति कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। सम्मानित एलुमनाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया और मेहनत, अनुशासन व लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य एलपी सेमवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी छात्रों और शिक्षकों को बधाई दी। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर चंद्रमोहन नोडियाल, सुनिल भंडारी,निकेन्द्र नेगी,पूजा नेगी,धनवीर चौहान शांतिराम दोरियाल,गुलाब सिंह,विरेन्द्र कुमार,जगजीवन शाह,शमशेर सिंह,बिजेंद्र मणि,दर्शनी रावत,ऋतंभरा सेमवाल ,हेमराज रावत सहित शिक्षक,शिक्षिकाएं,अभिभावक छात्र छात्राएं व पुरातन छात्र मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button