उत्तराखंडविकासनगर

विकासनगर: ‘जाम-मुक्त’ शहर की उम्मीद जगी, छात्र नेता की पहल पर एसपी ट्रैफिक ने लिया संज्ञान; जल्द तैनात होगी सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस

जन एक्सप्रेस / विकासनगर:  विकासनगर शहर की यातायात व्यवस्था में लंबे समय से व्याप्त अराजकता और रोजाना लगने वाले जाम से त्रस्त जनता को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। डिग्री कॉलेज डाकपत्थर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राहुल शर्मा ने देहरादून पहुंचकर एसपी ट्रैफिक शाहजेहन जावेद खान से मुलाकात की और शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रमुख व्यापारिक केंद्र है विकासनगर, जाम से व्यापार भी प्रभावित

ज्ञापन सौंपते हुए राहुल शर्मा ने बताया कि विकासनगर केवल एक शहर नहीं, बल्कि जौनसार-बावर, हिमाचल प्रदेश और उत्तरकाशी-रवाई जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। उन्होंने कहा:

“बाजार में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और स्थायी ट्रैफिक पुलिस की कमी के कारण यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। इससे न केवल स्थानीय निवासी, बल्कि व्यापारी भी परेशान हैं।”

आगामी पर्यटन सीजन और पर्यटकों की सुविधा

राहुल शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि आने वाले समय में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में यदि विकासनगर की जाम समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विकासनगर में स्थायी ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू (CPU) की तैनाती की पुरजोर मांग की।

एसपी ट्रैफिक का आश्वासन: विकासनगर को मिलेगा अपना ट्रैफिक थाना

राहुल शर्मा की मांगों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ट्रैफिक शाहजेहन जावेद खान ने आश्वासन दिया कि विकासनगर की यातायात व्यवस्था को सुधारना पुलिस की प्राथमिकता में है। गौरतलब है कि देहरादून पुलिस प्रशासन की प्रस्तावित योजना के तहत जनपद में नए ट्रैफिक थानों की स्थापना की जा रही है, जिसमें विकासनगर के लिए एक अलग ट्रैफिक पुलिस स्टेशन प्रस्तावित है। जल्द ही यहां ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

स्थानीय जनता में खुशी

इस पहल का विकासनगर के स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि प्रशासन अपनी योजना पर अमल करता है, तो शहर की जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और व्यापार में भी वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button